नारखी। रात के अंधेरे में घर पर कथित हमला, दंपती से मारपीट और आठ वर्षीय बच्ची को जबरन ले जाने के आरोप ने गांव में हलचल मचा दी। थाना नारखी क्षेत्र के गांव जोधरी निवासी छोटेलाल ने आरोप लगाया 12 अक्तूबर की रात करीब एक बजे दामाद 20 से 25 लोगों के साथ घर पहुंचा। उनके व उनकी पत्नी राधा के साथ मारपीट कर धेवती राधिया को अपने साथ ले गया। छोटेलाल ने बताया कि करीब 12 वर्ष पहले उन्होंने अपनी बेटी गीता की शादी कायमगंज निवासी अनिल कुमार के साथ की थी। शादी के बाद गीता के तीन बच्चे हुए। कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा, जिसके चलते गीता मायके में रहने लगी। छोटेलाल ने बताया कि गीता ने करीब दो वर्ष पहले दिल्ली निवासी राजकुमार से दूसरी शादी कर ली थी। छोटेलाल ने घटना की सूचना डायल 112 पर देने की बात कही है। थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद