शिकोहाबाद। आटे का पैकेट उठाकर अंदर रखने से मना करने पर युवक ने बच्चे को गैस के पाइप से पीटा। इससे बच्चे के शरीर में कई जगह चोट आई हैं। पीड़ित पिता ने आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव नौशहरा निवासी शमशुद्दीन का आरोप है कि रविवार सुबह 11 बजे उसका बेटा नूरे आलम (9) गांव में ही चक्की के पास खेल रहा था। तभी वहां मौजूद एक युवक ने आटे का पैकेट उठाकर अंदर रखने के लिए बच्चे से कहा। जब बच्चे ने पैकेट अंदर रखने से मना कर दिया तो आरोपी ने बच्चे को पकड़कर घर के अंदर कई घंटों तक बंद रखा और उसकी गैस के पाइप से पिटाई की। इस पिटाई के कारण बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। वहीं दूसरे पक्ष से युवक ने पुलिस को बताया कि बच्चा कार में रखे हुए रुपयों को निकालने का प्रयास कर रहा था। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि अभी शमशुद्दीन ने घटना की तहरीर दी है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।