आप सभी सीटों पर लड़ेगी निकाय चुनाव
जनता के समर्थन से कम समय में आम आदमी पार्टी देश की राष्ट्रीय पार्टी बनी - पंकज अवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। आम आदमी पार्टी नगर निकाय चुनाव में हर वार्ड से प्रत्याशी उतारने का काम करेगी। चुनाव पूरी दमदारी से लड़ा जाएगा। नगर निकायों में व्याप्त भ्रष्टाचार मुख्य मुद्दा होगा। हाउस टैक्स, वाटर टैक्स एवं कामर्शियल टैक्स के नाम पर जनता से लूट की जा रही है उसका विरोध होगा।
आम आदमी पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं फिरोजाबाद निकाय के प्रभारी पंकज अवाना मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में आप पूरी दमदारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। आप निकायों में चुनाव जीतकर भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम करेगी। वर्तमान में नगरीय क्षेत्र की जनता से हाउस टैक्स, वाटर टैक्स, जल मूल्य के साथ-साथ कामर्शियल टैक्स की वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने यदि मौका दिया तो हम मोहल्ला क्लीनिक बनाने का काम करेंगे। जनता को इलाज के साथ-साथ डॉक्टरों के परामर्श भी फ्री में मिलेगा। जिलाध्यक्ष नूर मोहम्मद सिद्दीकी, जिला महासचिव शिवप्रताप यादव, जिला मीडिया प्रभारी नदीम उद्दीन, रॉबर्ट भाटिया मौजूद थे।