एयर फोर्स में नौकरी पता करने जा रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत
- दोस्त के साथ जम्मू जा रहा था, लुधियाना के पास पैर फिसलने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जम्मू कश्मीर एयर फोर्स की नौकरी देखने जा रहे फिरोजाबाद के युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ गया था। लुधियाना के पास पैर फिसलने से वह घायल हो गया। आगरा अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना रामगढ़ क्षेत्र के इंद्रा नगर गली नंबर पांच निवासी प्रशांत (20) अपने दोस्त पवन के साथ जम्मू कश्मीर में एयर फोर्स की नौकरी देखने के लिए जा रहा था। मृतक के भाई अंकित वर्मा ने बताया कि वह लुधियाना पहुंचा ही था। तभी पैर फिसलने की वजह से वह ट्रेन से गिर गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां जीआरपी ने परिजन को घटना की जानकारी दी। वह लुधियाना पहुंचे जहां उसे गंभीर हालत में वहां के अस्पताल में ले गए। जहां उन्होंने भर्ती करने से इन्कार कर दिया। परिजन उन्हें आगरा के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन जैसे ही शव लेकर फिरोजाबाद पहुंचे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई अंकित वर्मा ने बताया कि लुधियाना में हादसा होने के कारण प्रशांत की मौत हुई है।