शिकोहाबाद। नहर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों ने भी मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।
जनपद एटा के थाना अलीगंज राजा का रामपुर निवासी कमल उर्फ भूरा थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी निवासी अपने रिश्तेदार अमन के यहां घूमने के लिए आया हुआ था। रविवार को कमल, अमन, शिवम शर्मा निवासी आवगंगा शिकोहाबाद, कुलदीप निवासी आवास विकास कॉलोनी बाइक से छैकुर के पास नहर के किनारे घूमने के लिए गए थे। तभी कमल ने अचानक बाइक से उतरकर नहर में छलांग लगा दी। इसके चलते वह डूब गया। सिर में नहर में मौजूद कुछ ठोस वस्तु टकराई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक अमन के जीजा का चचेरा भाई था। आनन फानन में कमल को नहर से बाहर निकालकर जान बचाए जाने की उम्मीद में जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेज दिया।