आईएम डीआईजी, पीछे हट.... दो मिनट में वर्दी उतरवा दूंगा। मंगलवार शाम एक कार चालक ने फिरोजाबाद में हाईवे किनारे चल रहे साकार हरि सत्संग के बाहर चाय की दुकान में टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस से कार सवार ने स्वयं को डीआईजी बताते हुए अभद्रता की। नशे की हालत में होने के कारण पुलिस ने आरोपी का मेडिकल कराते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना मंगलवार दोपहर ढाई बजे करीब की है। टुंडला के पास हाईवे किनारे आगरा के ताजगंज थाना अंतर्गत श्यामू गांव निवासी कमलेश देवी द्वारा साकार विश्व हरि का सत्संग चलव रहा था। इसी समय आगरा से फिरोजाबाद की ओर जा रही स्विफ्ट कार चाय की दुकान में घुस गई। इससे सारा सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने कार चला रहे युवक से थाने चलने को कहा तो वह अभद्रता करने लगा।
इस पर पुलिस उसे थाने ले आई। यहां उसने पुलिसकर्मी से हाथापाई कर दी। पुलिस को उसने अपना नाम संजीव वर्मा निवासी खंदारी थाना न्यू आगरा, बताया है। पुलिस ने चाय विक्रेता कमलेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का डॉक्टरी परीक्षण कराया है।
कार पर लिखा था उत्तर-प्रदेश सरकार
स्वयं को डीआईजी बताने वाले युवक की कार पर उत्तर-प्रदेश सरकार लिखा है। घटना के दौरान पहले तो कार पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा देख पहले तो पुलिस की उसकी बातों सांसे टंग गई, किंतु जब उसकी भाषा शैली व हरकतें देखी तो उसे जबरन पकड़ लिया। थाने में जब नशा कुछ कम हुआ तो वह अपने आप को कासगंज का समाज कल्याण अधिकारी तो कभी बहनोई को डीआइजी बताने लगा। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि डीआईजी बताने वाला युवक बेरोजगार है। पिता समाज कल्याण विभाग से एडीओ पद से रिटायर्ड है।
पुलिस के साथ की अभद्रता
सीओ राजवीर सिंह ने बताया कि कार चालक अपने आप को डीआइजी बताते हुए वर्दी उतरवाने की धमकी दे रहा था। उसने पुलिस के साथ अभद्रता भी की है। आरोपी नशे में था। उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया है। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।