टूंडला। शराब के नशे में सड़क किनारे सो रहे एक श्रमिक को ट्रक ने कुचल दिया। श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पर पहुंचे ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया तथा मुआवजे की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। थाना क्षेत्र के गांव हिरनगांव निवासी 30 वर्षीय प्रशांत रावत राजा का ताल स्थित ओम ग्लास फैक्टरी में श्रमिक था। वह शुक्रवार रात 8.30 बजे करीब फैक्टरी से काम करके निकलकर राजा का लाल स्थित पूजा ग्लास फैक्टरी के सामने सड़क किनारे सो रहा था। इसी बीच वहां खड़े ट्रक को चालक ने बैक किया तो वह उससे कुचल गया। श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देख चालक मौके से भाग गया।
घटना की जानकारी होने पर वहां ग्रामीण एकत्रित हो गए तथा मुआवजे की मांग को लेकर उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब ढाई घंटे तक जाम के हालात रहे। मौके पर पहुंचे सदर विधायक मनीष असीजा व एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा व थाना प्रभारी प्रमोद पंवार पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। विधायक के आश्वासन के बाद जाम खुल सका। थाना प्रभारी प्रमोद पंवार ने बताया कि मृतक शराब के नशे में सड़क किनारे ही लेट गया था। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया था। ग्रामीणों समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।