फिरोजाबाद। घर की छत पर कपड़ा सुखाने गई एक महिला की हाई वोल्टेज करंट लग जाने से मौत हो गई। परिजन जीवित होने की उम्मीद में उसे सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
श्यामनगर चंद्रवार गेट थाना लाइनपार निवासी निशा (24) सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे घर की छत पर कपड़ा सुखाने को गई थीं। छत की मुड़ेर के नजदीक ही बिजली के तार लगे हैं। कपड़ा सुखाते वक्त किसी तरह से निशा को करंट लग गया। अचानक चीख सुनाई देने पर परिजन छत पर दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। परिजन जीवित होने की उम्मीद में उसे जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लाइनपार थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।