नगला बरी चौराहा स्थित सर्विस रोड पर एक गोदाम के अंदर उमड़ता धुंआ। वीडियो ग्रैव
- फोटो : नगला बरी चौराहा स्थित सर्विस रोड पर एक गोदाम के अंदर उमड़ता धुंआ। वीडियो ग्रैव
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के नगला बरी चौराहा के पास बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे शमशाद बैंगल स्टोर के एक बंद चूड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में गोदाम के भीतर रखा लाखों रुपये का माल, एक बाइक, एक स्कूटर और दो साइकिलें जलकर खाक हो गईं, जबकि गर्मी के कारण गोदाम की दीवारें दरक गईं और टीनशेड नीचे गिर गया। मुख्य मार्ग से गुजर रहे दमकल कर्मियों ने लपटें देख तुरंत फायर स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया और इसे रिहायशी इलाके में फैलने से रोका। रसूलपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आ रहा है। गोदाम मालिक शमशाद के अनुसार, त्योहार (बकरीद) के चलते गोदाम बंद था और अंदर कोई मजदूर नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। संवाद