फिरोजाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में मनचाहे जिलों में जाने का इंतजार कर रहे 99 शिक्षकों को सफलता मिल गई है, जबकि 95 अध्यापकों को निराशा हाथ लगी है। रविवार रात से ही तबादला सूची का इंतजार कर रहे शिक्षकों में काफी बेचैनी रही। सोमवार को पूरे दिन पोर्टल पर सूची खंगालते रहे। कभी कहा जाता रहा कि अध्यापक की आईडी पर जानकारी मिलेगी तो कभी पूरे प्रदेश की सूची जारी होने की बात कही जाती रही। हालांकि देर शाम सूची जारी हुई तो तबादला पाने वालों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सूची में नाम न आने वाले शिक्षक मायूस हो गए।
बेसिक शिक्षा विभाग में अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए 194 शिक्षकों ने आवेदन किया था, जिनके अभिलेखों के परीक्षण एवं सत्यापन के दौरान 16 शिक्षकों के आवेदन को निरस्त कर दिया गया था। फिर शासन ने उन निरस्त आवेदकों को भी अपलोड करने के लिए कहा तो विभाग ने सभी 194 शिक्षकों के आवेदन का डाटा पोर्टल पर लॉक कर दिया गया था। डाटा लॉक होने के बाद से शिक्षक सूची जारी होने का इंतजार कर रहे थे। बेचैनी उस समय बढ़ गई, जब पता चला कि रविवार देर रात सूची जारी होगी। इसीलिए रविवार रात से ही सूची का इंतजार किया जाने लगा। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी आशीष पांडेय ने बताया कि तबादला सूची में 99 शिक्षकों के नाम शामिल हैं, जिन्हें तबादला मिला, जबकि 95 शिक्षकों को निराशा हाथ लगी।
-
दूसरे जिलों से आएंगे 279 शिक्षक
पोर्टल पर जारी हुई तबादला सूची में किस शिक्षक को किस जिले में जाना है, यह भी दिखाया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 279 शिक्षकों ने फिरोजाबाद के लिए तबादला लिया है। यानी कि 99 शिक्षक जिले से जाएंगे तो 279 शिक्षक अन्य जिलों से कार्यमुक्त होकर फिरोजाबाद आएंगे। ऐसे में जिले में शिक्षकों का संकट दूर होगा। बीएसए आशीष पांडेय का कहना है कि कार्यमुक्त और ज्वाइनिंग के संबंध में अभी कोई निर्देश नहीं मिला है।