शिकोहाबाद। कौरारा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण में इस्तेमाल हो रही कंक्रीट मिक्सर मशीन को अनाधिकृत रूप से रेल ट्रैक पार कराते हुए 9 लोगों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरपीएफ शिकोहाबाद थाने में कंपनी के साइट सुपरवाइजर समेत 9 लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। सभी को अलीगढ़ न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
कौरारा रेलवे स्टेशन के सेक्शन में फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कार्य को ईएस पीईई इंटरप्राइजेज कंपनी कर रही है। इसके साइट सुपरवाइजर सतेंद्र कुमार पूरे कार्य की देखरेख कर रहे हैं। मंगलवार को कौरारा यार्ड में कुछ लोगों द्वारा अनाधिकृत रूप से कंक्रीट मिक्सर मशीन को रेल ट्रैक को पार कराने की सूचना आरपीएफ शिकोहाबाद प्रभारी आनंद कुमार को मिली। सूचना के आधार पर तत्काल ही आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा, तो हावड़ा साइडम में कंक्रीट मिक्सर मशीन खड़ी मिली। जो कि अनाधिकृत रूप से कुल 9 लोगों द्वारा मिलकर रेल ट्रैक को पार कराई जा रही थी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर साइट सुपरवाइजर सतेंद्र कुमार निवासी गुंडवा थाना भसाई जिला प्रयागराज, बचान सिंह निवासी कुतकपुर थाना नसीरपुर, अवनीश निवासी नगला मधु थाना सिरसागंज, इकबाल निवासी सिरसागंज, सर्वेश निवासी रुंधेमई थाना सिरसागंज, राहुल कुमार निवासी सिरसागंज, छोटे, सतेंद्र, जगदीश निवासीगण नगला तार थाना नगला खंगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी को अलीगढ़ न्यायालय में पेश किया।