आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध राजा बलवंत सिंह (आरबीएस) कॉलेज में बीएससी कृषि में प्रवेश के लिए इस बार भी मारामारी है। पाठ्यक्रम की हर सीट के लिए 8 आवेदन मिले हैं। अभी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। विद्यार्थी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहले विश्वविद्यालय में वेब पंजीकरण कराना होगा। विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में प्रवेश के लिए कुल वेब पंजीकरण और संबद्ध कॉलेजों में आवेदन गत वर्षाें की अपेक्षा कम हुआ है। आरबीएस कॉलेज से बीएससी कृषि की पढ़ाई करने का क्रेज अभी भी विद्यार्थियों में हैं। कॉलेज में बीएससी कृषि की 160 सीटें हैं। अभी तक करीब 1300 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। विद्यार्थी अभी भी आवेदन कर रहे हैं। अभी एक भी मेरिट लिस्ट जारी नहीं हुई, इसके बाद भी प्रवेश के लिए सिफारिशें पहुंच रही हैं। आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव ने बताया कि बीएससी कृषि में प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट 17 अगस्त के बाद जारी की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से वेब पंजीकरण की आखिरी तारीख 17 अगस्त घोषित की गई है। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का रुझान इस बार भी अच्छा है। बीएससी कृषि की पढ़ाई के लिए कॉलेज देश भर में जाना जाता है। वहीं, निजी कॉलेजों की अपेक्षा आरबीएस में फीस भी अपेक्षाकृत बहुत कम है। इसलिए यह विद्यार्थियों की पहली पसंद होता है।