फिरोजाबाद। जिले में किसानों का गेहूं खरीदने के लिए 60 खरीद केंद्र 17 मार्च सोमवार से प्रारंभ हो जाएंगे। हालांकि गेहूं की फसल के तैयार नहीं होने के कारण अभी आवक नहीं होगी। फिर भी शासन के निर्देशानुसार प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है। इस बार किसानों का गेहूं 2425 रुपया प्रति कुंतल की दर से खरीदा जाएगा। किसानों को गेहूं बिक्री करने के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। किसानों को समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 भी जारी किया है। शासन ने किसानों का गेहूं तैयार होने से पूर्व ही जिले में गेहूं खरीद केंद्र की स्थापना करने के साथ 17 मार्च से इनको विधिवत खोलने का आदेश दिया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी विजेयता सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सोमवार को जिले में कुल 60 खरीद केंद्रों का खुलना प्रारंभ करा दिया जाएगा। इसमें खाद्य विभाग के 18 खरीद केंद्र एवं पीसीएफ के 37 व भारतीय खाद्य निगम के पांच खरीद केंद्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 17 मार्च से खरीद केंद्र प्रारंभ होकर 15 जून तक खुले रहेंगे। गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपया प्रति कुंतल घोषित किया गया है। गेहूं बिक्री करने से पूर्व किसानों को जनसुविधा केंद्र एवं साइवर कैफे से खाद्य विभाग के पोर्टल Fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन बिक्री को पंजीयन कराना होगा। पंजीकरण के लिए किसान को आधार कार्ड संख्या.कम्प्युूटराइज्ड खतौनी खाता संख्या तथा अपने कुल क्षेत्रफल में बोए गेहूं व अन्य फसलों के रकबे की जानकारी देनी होगी। संयुक्त भूमि होने की दशा में अपनी भूमि की सही हिस्सेदारी को दर्शाना होगा। किसान का बैंक खाता आधार संख्या से जुड़ा होने के साथ एनपीसीआई से मैप होना आवश्यक है। किसान का बैंक खाता सक्रिय होना चाहिए। ताकि भुगतान होने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने पाए।