फिरोजाबाद। जिले के 1489 परिषदीय स्कूलों में शुक्रवार को कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों का निपुण टेस्ट हुआ। टेस्ट के लिए कक्षा एक से तीन तक के पंजीकृत 56772 विद्यार्थियाें में से 52005 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 91.60 फीसदी छात्र संख्या रही। इन छात्रों की बौद्धिक क्षमता के आकलन को लेकर निपुण टेस्ट रखा गया। हिंदी और गणित भाषा का पेपर हुआ। बच्चों ने बोलकर जवाब दिए, शिक्षकों ने उन जवाबों को सरल एप पर अपलोड किया।जिले के सभी नौ ब्लॉकों और नगर क्षेत्र में परीक्षा के लिए चिह्नित किए 1489 विद्यालयों में निपुण परीक्षा को देखते हुए विद्यार्थी अधिक संख्या में नजर आए। शिक्षकों ने प्रार्थना कराने के बाद कक्षा एक से तीन के बच्चों को व्यवस्थित ढंग से बैठाया तथा उनसे एक-एक कर सवाल पूछते हुए उनकी ओर से बताए गए उत्तर को बहु विकल्पीय सीट पर घेरा बनाते हुए दर्ज किया। इसके बाद सीट को स्केन करते हुए उसे निपुण एप पर अपलोड भी किया गया। स्कूलों में बच्चों की 91. 60 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति पाई गई। अरॉव में 95.76 प्रतिशत, खैरगढ़ में 95.17 प्रतिशत व सबसे कम उपस्थिति विकास खंड शिकोहाबाद में 82.64 प्रतिशत रही।
पर्यवेक्षकों व अधिकारियों ने भी स्कूलों पर पहुंचकर परीक्षा की शुचिता को देखा। बीएसए आशीष पांडेय ने प्राइमरी स्कूल जगमुदी, सराय हैबतपुर, भारौल का निरीक्षण किया।
आज कक्षा चार से आठवीं तक के छात्रों की होगी परीक्षा
-कक्षा चार से आठवीं तक के छात्रों की परीक्षा आज होगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ओएमआर सीटें भी उपलब्ध करा दी गई हैं। शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न करायी जायेगी। वहीं, पहले दिन व्यवस्थित ढंग से परीक्षा का आयोजन किया गया। कहीं भी किसी प्रकार की शिकायत नहीं आई।
आशीष पांडेय, बीएसए
सरल एप की कठिनाइयों से जूझे शिक्षक
नैट परीक्षा में सरल एप पर दिक्कतें रहीं। सबसे बड़ी समस्या नेटवर्क की रही। शिक्षकों को स्कैन करते में परेशानी आईं। हालांकि शाम तक स्कैन कार्य पूर्ण कर लिया गया। वहीं, जिन बच्चों के नाम विद्यालय से काटे जा चुके हैं। उनके नाम एप पर प्रदर्शित हुए। जबकि नव प्रवेशित बच्चों का ब्योरा उपलब्ध नहीं मिला। कई स्थानों पर नेटवर्क की दिक्कत ने भी ओएमआर सीट अपलोड होने में समय लगा। सरल एप को लेकर शिक्षकों के सामने कई तरह की समस्याएं आई। पंजीकृत बच्चों का सरल एप पर प्रदर्शित नहीं होने और नाम काटे जाने के बाद बच्चों का दर्शाने की शिकायतें आयी।
-
घर-घर जाकर बुलाए बच्चे
फिरोजाबाद। इस परीक्षा की रिपोर्ट शासन स्तर तक जानी है। ऐसे में घर-घर जाकर बच्चों को बुलाया गया। सुबह-सुबह स्कूलों में छात्र कम दिखे, ऐसे में शिक्षक बच्चों के घर गए। यूनिफार्म पहनाकर बच्चों को घर से स्कूल लेकर आए।