जसराना। झपारा में पट्टा निरस्त होने के बाद भी जमीन पर काबिज दो भाइयों की फसल को कुर्क करने के बाद नगला नौजर में चरागाह की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। पैमाइश के बाद मेड़ बंदी भी कराई गई। इस दौरान राजस्व एवं पुलिस की टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा।
गांव झपारा में रंगवीर एवं जयवीर को पट्टे में 15 बीघा जमीन मिली थी। वर्ष 2019 में पट्टा निरस्त होने के बाद भी जमीन पर दोनों भाइयों का ही कब्जा रहा। गांव के अवधेश ने शिकायत कर जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। नायब तहसीलदार नितिन चौधरी एवं लेखपाल प्रबल गुप्ता, विकास एवं पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा नगला नौजर में 28 बीघा चरागाह की जमीन पर हुए कब्जे को लेखपाल मनोज यादव, रणजीत यादव, देवेंद्र पाल व पुलिस ने कब्जा मुक्त कराकर प्रधान के सुपुर्द कर दिया।