जसराना। पूरे प्रदेश में चिकित्सकों के जहां 40 प्रतिशत पद खाली पड़े है। वहीं स्टाफ नर्स के 43.57 प्रतिशत पद खाली है। यह जवाब विधानसभा में पूछे प्रश्न के उत्तर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने दिया है। जसराना विधानसभा से विधायक इंजी. सचिन यादव ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से प्रदेश के जिला अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कार्यरत चिकित्सकों और स्टाफ नर्स के उपलब्धता के बारे में सवाल पूछा था। प्रश्न के उत्तर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में 15937 चिकित्सकों के पद सृजित हैं। जिनमें से 6400 पद खाली पड़े हैं। जबकि स्टाफ नर्स के 9152 पद सृजित हैं। जिनमें से 3988 पद खाली पड़े हुए हैं। इस हिसाब से देखा जाए तो चिकित्सकों के जहां 40 प्रतिशत पद खाली हैं वहीं स्टाफ नर्स के 43.57 प्रतिशत पद खाली हैं। स्वास्थ्य मंत्री के सवाल पर जसराना विधायक इंजीनियर सचिन यादव ने कहा पूरा प्रदेश बीमारियों से जूझ रहा है। वहीं जिला अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक नहीं होने से आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।