शिकोहाबाद। अवैध शराब की रोकथाम के लिए सोमवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर फिरोजाबाद, शिकोहाबाद एवं जसराना की आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने प्रतापपुर गिहार कॉलोनी में छापामार कार्रवाई के दौरान कच्ची शराब एवं लहन को बरामद किया। इस दौरान टीम ने एक महिला को भी हिरासत में भी लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने शिकोहाबाद के प्रतापपुर गिहार कॉलोनी में दबिशें दीं। संयुक्त टीम ने गिहार कॉलोनी में बने हुए मकानों में दबिशें दीं। टीम ने कई मकानों में छापे की कार्रवाई की। लोग घरों से बाहर निकल आए। टीम ने मकानों में दबिशें देते हुए कुल 37 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही 200 किलो लहन को भी बरामद किया। टीम ने लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इस मामले में टीम ने एक महिला राधा को भी हिरासत में लिया है। जिसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। शिकोहाबाद आबकारी निरीक्षक चेतना सिंह ने बताया कि लहान को नष्ट करा दिया गया है। वहीं महिला को भी हिरासत में लिया है। जिससे अभी पूछताछ की जा रही है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जल्द ही अवैध शराब बनाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।