पुलिस ने लग्जरी गाड़ी से तस्करी कर ले जाई जा रही बीयर सहित युवक को हिरासत में लिया है। पकड़ी गई बीयर हरियाणा से तस्करी कर कानपुर ले जाई जा रही थी।
हाईवे पर राजा का ताल के निकट चेकिंग के दौरान लाल रंग की एक स्कोडा रैपिड कार तेजी से गुजरी। पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो कार चालक ने और अधिक स्पीड बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने कार का पीछा किया और एफएम वाटिका के निकट कार को ओवरटेक कर रोक लिया। पुलिस कार की तलाशी ली तो कार में 32 पेटी बीयर थी। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राहुल वाल्मीकि निवासी गांव रसापुर थाना सिकंदरा, कानपुर देहात बताया। राहुल ने बताया कि इससे पूर्व वह दो बार और बीयर की तस्करी कर चुका है। कार से एक नंबर प्लेट भी बरामद हुई जो कार का असली नंबर डीएल 7सीएन 4016 की थी। जबकि कार पर यूपी 78 ईए 6719 की नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने गिरफ्तार युवक राहुल को जेल भेज दिया है।