फिरोजाबाद। थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में मासूम समेत 3 लोगों की मौत हो गई। मासूम को घर के बाहर खेलते समय अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया था, जबकि किसान खेतों से घर की तरफ आ रहा था कि तभी अज्ञात वाहन की चपेट में वह आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, शिकोहाबाद में मां को बाइक लेकर आ रहे युवक की बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। जिससे महिला की मौत हो गई।
मासूम को बाइक सवार ने रौंदा, मौत
खैरगढ़। डॉली (4) पुत्री बृजेश कुमार गांव बिजौली की निवासी थी। शुक्रवार शाम को मासूम अपने घर के सामने खेल रही थी। तभी गांव का ही एक युवक तेजगति से बाइक लेकर वहां से गुजरा। तेजगति अनियंत्रित बाइक ने डॉली को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना खैरगढ़ पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। परिजन की शिकायत पर थाना पुलिस ने गांव के ही केवी नामक युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
खेत से लौट रहे किसान वाहन की चपेट में आने से मौत
फिरोजाबाद। नेपाल(40) निहालपुर थाना मक्खनपुर का निवासी था। नेपाल सिंह शुक्रवार की देर शाम करीब 8:30 बजे अपने खेत की रखवाली कर घर लौट रहा था। पोस्टमार्टम गृह पर मौजूद परिजन ने बताया कि लालपुर-चमरौली के पास पीछे से आ रहे एक वाहन की चपेट में वह आ गया था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल लाते समय मौत हो गई। परिजन ने वाहन चालक के विरुद्ध थाना मक्खनपुर पुलिस को तहरीर दी है।
केस तीन
सड़क हादसे में मां की मौत, बेटा घायल
शिकोहाबाद। थाना अरांव क्षेत्र के अंतर्गत गांव शादीपुर निवासी अभिषेक अपनी मां सरोज देवी के साथ बाइक पर घर से शिकोहाबाद आ रहा था। अभी वह मैनपुरी रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा था कि तभी पीछे से आए किसी वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल मां-बेटे को उपचार के लिए भेजा, लेकिन उपचार के लिए जाने के दौरान सरोज देवी ने दम तोड़ दिया। घायल बेटे अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।