फिरोजाबाद। दिवाली से पहले शहर में प्रकाश व्यवस्था के चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए नगर निगम प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। निगम प्रशासन के मुताबिक बीते एक सप्ताह में शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 2125 स्ट्रीट व 17 हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कराई।
नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के लिए ईएसएल कंपनी नामित है। निगम सूत्रों के अनुसार कंपनी के पास मानव स्टाफ कम होने के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में खराब स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत में खासी दिक्कतें आ रही हैं। लगातार मिल रहीं शिकायत के बाद नगर आयुक्त ने प्रकाश व्यवस्था में सुधार कराने के निर्देश जारी किए हैं।
18 अक्तूबर को जारी निर्देशों के बाद निगम द्वारा खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने व मरम्मत को कई टीमें गठित की थीं। प्रभारी प्रकाश व्यवस्था एवं एक्सईएन निर्माण आशीष शुक्ला ने बताया कि एक सप्ताह के दरम्यान शहर में विभिन्न स्थानों पर लगीं करीब 2125 स्ट्रीट लाइटों व हाईवे पुल के पोल पर लगीं 17 लाइटों को सही कराया गया। यह अभियान दिवाली तक जारी रहेगा।
नगर आयुक्त रिषीराज ने बताया कि शहर के वंचित इलाकों में भी प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी जल्द दूर होंगी। सहभागिता योजना के तहत विकास प्राधिकरण शहर में चिह्नित किए जा रहे स्थलों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाएगा। उन्होंने लोगों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता है।