जिले के एका, जसराना ब्लॉक में स्थापित होंगे 18 नलकूप
डार्कजोन से बाहर होने के कारण इन क्षेत्रों के किसानों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले के एका और जसराना ब्लॉकों में नलकूप विभाग 18 सरकारी नलकूपों की स्थापना करेगा। इन नलकूपों की स्थापना हो जाने के साथ ही किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए फ्री में पानी उपलब्ध हो सकेगा। विभाग ने इसके लिए पानी की जांच प्रारंभ कर दी है।
जिले के नौ ब्लाकों में से भूगर्भ जल विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एका एवं जसराना ब्लॉक ही सुरक्षित श्रेणी में हैं। इसके कारण इन दो ही ब्लॉकों में हैंडपंपों की स्थापना किए जाने के साथ ही नलकूप आदि की स्थापना का काम विभागों के द्वारा कराया जा रहा है। शेष सात ब्लॉकों में तो विभागों के पास भूगर्भ जल स्तर ऊंचा उठाने की कवायद करते हैं। नलकूप विभाग ने भी इन दो ब्लॉकों के किसानों को फसलों की सिंचाई की सुविधा मुहैया कराने के लिए 18 नए नलकूपों की स्थापना किए जाने का निर्णय लिया है। इन नलकूपों की स्थापना करने के लिए विभाग ने पानी की जांच कराने का काम प्रारंभ कर दिया है। इसके लिए विभाग की टीमें गांवों में जाकर यह देख रहीं हैं कि फसलों की सिंचाई के लिए किस स्थान पर भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ विभाग द्वारा यह भी देखा जा रहा है कि नलकूप स्थापित होने के बाद वह किसानों के लिए उपयोगी साबित हो। इस संबंध में जब अधिशाषी अभियंता नलकूप अशोक कुमार ने बताया कि जिले में 18 नए नलकूपों को स्थापित किया जाना है। इसकी हरी झंडी शासन से मिल गई है। सुरक्षित श्रेणी में एका एवं जसराना ब्लॉक होने के कारण विभाग द्वारा इन ब्लॉकों में पानी की जांच कराई जा रही है। तीन नलकूपों को तो इसी वित्तीय वर्ष में स्थापित किया जाएगा। वर्तमान में नलकूप विभाग की ओर से जिले में 334 नलकूपों का संचालन किया जा रहा है।