संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शनिवार दोपहर आई तेज आंधी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 15 खंभे खंभे टूट गए। वहीं हिमायूंपुर चौराहे पर ट्रांसफारमर की केबल जलने से तीन घंटे से अधिक बिजली न आने से लोग परेशान रहे। यूपीएसआइडीसी विद्युत सबस्टेशन के तहत गांव नगला अमान, नैपई, कपावली व भरतपुरा में विद्युत खंभे टूटकर पेड़ों व खेतों में जा गिरे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। खंभे टूटने से निजी नलकूपों और उनसे जुड़ी आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीणों की सूचना पर जेई कयामुद्दीन खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां देर शाम तक नए खंभे लगाने का कार्य चलता रहा। इधर हिमायूंपुर चौराहे पर स्थापित विद्युत ट्रांसफारमर की केबल शाम चार बजे ओवरलोड के कारण जल गई।
- बकाए पर डेढ़ दर्जन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे
विद्युत विभाग द्वारा शनिवार को टापाखुर्द क्षेत्र में बकाएदारों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान बकाया बिल जमा न करने पर कर्मचारियों ने बिल बकाए पर 16 घरों के कनेक्शन काट दिए। जेई कयामुद्दीन खान ने बताया कि बकाएदारों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलता रहेगा।