निपुण स्कूल बनाने का सपने को धूमिल कर रहे 145 डिफॉल्टर शिक्षक
फिरोजाबाद। निपुण स्कूल बनाने के सपने को शिक्षक धूमिल कर रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में अनुपस्थित रहने वाले डिफॉल्टर शिक्षकों की सूची प्रदेश स्तर पर तैयार की गई है। इसमें फिरोजाबाद जिले के 147 शिक्षकों के नाम शामिल हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया है। कई स्कूल ऐसे भी शामिल हैं, जो निपुण स्कूलों घोषित किए जा चुके हैं। प्रेरणा निरीक्षण एप व प्रेरणा सपोर्टिव सुपरविजन एप के माध्यम से नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण और पर्यवेक्षण करने व इसकी आख्या प्रेरणा निरीक्षण मॉड्यूल पर ऑनलाइन अपलोड किया जाना अनिवार्य है। दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 में विभागीय अधिकारियों द्वारा स्कूलों के किए गए स्थलीय निरीक्षणों में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों का विवरण प्रेरणा निरीक्षण एप पर दर्ज किया गया। यहां तक निपुण बनाने के लिए तैनात किए टूंडला में एसआरजी के स्कूल के शिक्षक भी डिफाल्टर सूची में शामिल हुए हैं।
प्रेरणा एप की समीक्षा के दौरान दर्ज निरीक्षण आख्या व अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों का विवरण की समीक्षा की गई। इस दौरान फिरोजाबाद जिले के 147 ऐसे शिक्षक पाए गए जो अपनी ड्यूटी के प्रति गंभीर नहीं हैं। अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग के महानिदेशक विजय किरण आनंद ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भी जारी किया। इस सूची में अरावं ब्लाक के 19, एका के 15, फिरोजाबाद के 27, खैरगढ़ के 18, मदनपुर के 18, नारखी के नौ, शिकोहाबाद के 13 और टूंडला के 18 शिक्षक हैं। जो पठ्न-पाठन के काम को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बीएसए आशीष पांडेय का कहना है कि लापरवाह शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण न देने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इन शिक्षकों पर नजर रखने के उद्देश्य से नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाने की व्यवस्था बनाई गई है। डिफाल्टर घोषित शिक्षकों पर नजर रखने व स्कूलों में उनका ठहराव सुनिश्चित कराने के लिए विद्यालयों पर पैनी नजर रखी जा रही है।