फिरोजाबाद। त्योहार के मौके पर निगम के जलकल विभाग पर पेयजल आपूर्ति का दबाव बढ़ गया है। पर्याप्त पेयजल सप्लाई के लिए जलकल विभाग ने शहर में दिवाली तक प्रतिदिन 120 एमएलडी पानी की सप्लाई की योजना तैयार की है। एक्सईएन जलकल की ओर से सैलई वाटर ट्रीटमेंट प्रभारी को पत्र जारी किया है।
दीपोत्सव पर्व को लेकर घर-घर रंग रोगन के साथ साफ सफाई का काम चल रहा है। इसके कारण पानी की आवश्यकता अधिक है। इस कारण नगर निगम प्रशासन की ओर से पानी की सप्लाई को बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। निगम के सभी 70 वार्डों में पानी की किल्लत दूर करने को दिवाली तक प्रतिदिन करीब 120 एमएलडी पानी की आपूर्ति किए जाने का निर्णय लिया है। एक्सईएन जलकल की ओर से इस आशय का पत्र में जेडाझाल परियोजना से जुड़े डब्ल्यूटीपी (वाटर ट्रीटमेंट) सैलई के प्रभारी को पत्र जारी किया गया है।
जबकि जेड़ाझाल परियोजना से वंचित क्षेत्रों में स्थापित सबमर्सिबल के जरिए घरों में पानी की सप्लाई की जाएगी। एक्सईएन तारकेश्वर पांडे के अनुसार वर्तमान में हो रही 65 एमएलडी पानी की सप्लाई में बढ़ोत्तरी की गई है। दिवाली उत्सव तक शहर में दोनों पालियों में प्रतिदिन लगभग 120 एमएलडी पानी की सप्लाई दी जाएगी, जिससे पानी की किल्लत नहीं होने पाए।
-दो घंटे बंद रहा सैलई प्लांट
-मरम्मत कार्य के चलते शुक्रवार की दोपहर करीब दो घंटे रैपुरा फीडर की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। रैपुरा फीडर पर बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण सैलई डब्ल्यूटीपी पर लगी मशीनें भी बंद रहीं। इसका असर शाम की पाली में होने वाली पानी की सप्लाई पर भी पड़ा। पानी की टंकियां नहीं भर पाईं।