सेनेटरी इंस्पेक्टर से हाथापाई प्रकरण में डीएम ने मांगी रिपोर्ट
फिरोजाबाद। स्वास्थ्य विभाग में तैनात सेनेटरी इंस्पेक्टर से गाली गलौज और हाथापाई का प्रकरण डीएम तक पहुंच गया है। उन्होंने पूरे घटना की रिपोर्ट जोनल सेनेटरी ऑफीसर से तलब की है। शुक्रवार को वार्ड 18 बासठ में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सेनेटरी इंसपेक्टर महेश कुमार ने फतेहाबाद रोड स्थित नाले की सफाई का निरीक्षण किया, तो वहां कर्मचारी कार्य करते नहीं मिले। सेनेटरी इंस्पेक्टर ने मामले की शिकायत जेडएसओ से की। इसकी जानकारी होने पर गैंग प्रभारी प्रताप चंद्र कौशल, सफाई कर्मचारी अमित ने छारबाग में कार्य के दौरान सेनेटरी इंस्पेक्टर से गाली गलौज और हाथापाई कर दी। इस मामले में सेनेटरी इंस्पेक्टर ने रामनगर चौकी पर दोनों के खिलाफ तहरीर दी। इधर घटना के संबंध में डीएम, प्रभारी नगर आयुक्त नेहा शर्मा ने जेडएसओ दलवीर सिंह से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।