बहुआ। साइबर अपराधियों ने शेयर खरीद फरोख्त में मुनाफे का लालच देकर एक युवक को जाल में फंसाया। बड़ी रकम जमा होने पर आईडी बंद कर रुपये हड़प लिए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
ललौली थानाक्षेत्र के कोर्राकनक गांव के राशी डेरा निवासी सत्यप्रकाश ने बताया कि उसके पास एक साल पहले पुष्कर राज ठाकुर नाम के व्यक्ति ने फोन किया। उसे शेयर की खरीद फरोख्त में रुपये लगाने पर मुनाफे का लालच दिया।
शेयर खरीदने को रुपये सुंदर गड़रिया के अकाउंट में ऑनलाइन भेजने को कहा। उसने शुरू में कुछ रुपये सुंदर के खाते पर भेजे। उसके खाते में मुनाफे के साथ रकम लौटी। विश्वास होने पर धीरे-धीरे रकम बढ़ाकर शेयर खरीदने के लिए सुंदर के अकाउंट पर ऑनलाइन रुपये भेजने लगा। छह किश्तों में 25 हजार 602 रुपये जमा होने पर अचानक सुंदर के फोन की ऑनलाइन आईडी बंद हो गई।
पुष्कर राज व अन्य के मोबाइल नंबर भी बंद हो गए। उसे धोखाधड़ी का पता लगा। अपराध निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि मामला पहले का है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी। मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच की जाएगी।