- एसपी के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फतेहपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत विवाद में युवक से मारपीट व उसकी पत्नी पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
थानाक्षेत्र के अस्ती कालोनी निवासी आशीष कुमार ने बताया कि वह अपनी बहन की ससुराल बड़नपुर गया था। बहन ने बताया कि उसके खाली प्लाट पर पुष्पेंद्र अपने दोस्तों के साथ शराब पीता है। मना करने पर जान से मारने की धमकी देता है। उसने पुष्पेंद्र के घर पर शिकायत की, इससे वह खुन्नस रखने लगा। 14 जुलाई की शाम पुष्पेंद्र ने अपने 10-15 दोस्तों के साथ उसे व उसके सालों से मारपीट की। उसने थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 17 जुलाई को वह पत्नी व बच्चों के साथ बड़नपुर से घर लौट रहा था। रास्ते में पुष्पेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने और पत्नी के ऊपर तेजाब फेंकने की धमकी दी। आशीष ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।