फोटो- 6,7,8,9,10
821 किलोमीटर की दूरी तय कर आए 1192 मजदूर जिले के अलावा 15 जिलों के प्रवासियों को भेजा गया घर
संवाद न्यूज़ एजेंसी फतेहपुर। एक और श्रमिक स्पेशल ट्रेन सोमवार को लुधियाना से आई । इस ट्रेन में जिले के अलावा 15 जनपदों के प्रवासी भी सवार थे । इसमें 1192 वयस्क और 140 बच्चे शामिल रहे। रोडवेज बस से उनके ठिकानों पर भेजा गया। कामदार मजदूरों की तादाद ज्यादा होने की वजह से कानपुर परिक्षेत्र के विकासनगर और आजाद नगर की 10-10 बसों को भी गंतव्य की ओर रवाना किया गया। अभी तक फतेहपुर रेलवे स्टेशन में सूरत साबरमती जोधपुर के अलावा दो श्रमिक स्पेशल ट्रेन लुधियाना से आ चुकी हैं। सोमवार को लुधियाना से ही एक और ट्रेन आई। इस स्पेशल ट्रेन ने दोपहर 11:40 बजे पर प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची । ट्रेन के कुरस्तीकला पहुंचने से पहले ही रेलवे स्टेशन में अनाउंसमेंट होने लगा था। ठीक 11:44 बजे पर एक-एक कर कूपे खाली किए जाने लगे । स्वास्थ विभाग की टीम ने एसीएमओ डॉ संजय कुमार की अगुवाई में डॉ एके श्रीवास्तव, डॉक्टर विवेक चौधरी आदि ने थर्मल स्क्रीनिंग कर एक-एक मुसाफिर को कॉमन हाल की ओर भेजना शुरू किया। वहां से प्रवासियों को मास्क के साथ लंच पैकेट और पानी की बोतलें दी जाती रहीं। करीब 2 घंटे की कवायद के बाद यह स्पेशल ट्रेन खाली हो पाई । एसडीएम प्रमोद झा और सीओ कपिल देव मिश्रा की टीम भी जुटी रही। एआरएम माखनलाल केसरवानी ने बताया कि प्रवासी मजदूरों को गंतव्य तक भेजने के लिए फतेहपुर डिपो की 50 बसें लगाई गई थी। मुसाफिर ज्यादा थे लिहाजा विकासनगर और आजाद नगर की भी बसों को बुलाया गया था। इन बसों से बहराइच, गोंडा, कौशांबी, आजमगढ़, लखनऊ, प्रतापगढ़, बलरामपुर, फैजाबाद, इटावा, अमेठी, गोरखपुर, शाहजहांपुर, हमीरपुर, देवरिया व रायबरेली के प्रवासियों को भेजा गया है।
उधर रेलवे के सीएमआई अमित वर्मा ने बताया कि लुधियाना से आई इस तीसरी ट्रेन में कुल 1332 यात्री सवार थे।