गाजीपुर। गर्भपात के करीब 15 दिन बाद महिला की मौत हो गई। घटना के पीछे क्लीनिक संचालिका नर्स पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। मामले में पुलिस ने सीएचसी में तैनात नर्स को पूछताछ के लिए बुलाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस कार्रवाई की बात कह रही है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव निवासी शिवप्रकाश पासवान की पत्नी सुदामा (30) गर्भवती थी। पति ने बताया कि पत्नी के पेट में अचानक एक माह पहले दर्द की शिकायत बढ़ी। गाजीपुर सीएचसी की एक नर्स नहर पुलिया के पास क्लीनिक संचालित करती है। उसके क्लीनिक में पत्नी दिखाने आई थी। नर्स ने बच्चा खराब होने की बात कही। इसके बाद पेट की नर्स ने अपनी सहायक नर्स के साथ 15 अप्रैल को सफाई की। कुछ घंटे बाद छुट्टी कर दी थी। घर जाने के बाद पत्नी की हालत बिगड़ती चली गई। उसने कई बार नर्स को दिखाया। उसकी हालत सोमवार को ज्यादा खराब हो गई। वह पत्नी को लेकर क्लीनिक पहुंचा। वहां इलाज दौरान पत्नी की मौत हो गई।
घटना के बाद क्लीनिक बंद कर नर्स और अन्य कर्मचारी भाग निकले। शिवप्रकाश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गाजीपुर सीएचसी में तैनात नर्स को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया है। मृतका अपने पीछे तीन बच्चे अनूप, अनुज और अमन को छोड़ गई। घटनास्थल पर ननद संगीता, शकुंतला का हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष आनंद पाल सिंह ने बताया कि मामले की स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच की जाएगी।सीएचसी प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया कि नर्स अस्पताल में तैनात है। उनका मामले से कोई लेना देना नहीं है। शिकायत आने पर जांच कराई जाएगी।