चौडगरा। पति को कैंसर की बीमारी होेने का झांसा देकर टप्पेबाजों ने महिला से जेवर और डेबिट कार्ड की टप्पेबाजी कर ली। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के साईं गांव निवासी सोनू की पत्नी संध्या अपने सात वर्षीय बेटे प्रिंस के साथ मंगलवार दोपहर को कस्बा चौडगरा बाजार आ रही थी। रास्ते में साईं रोड पर बाइक सवार ने महिला को रोका। उसके पति को बीमारी ग्रसित बताया। इस दौरान बाइक सवार दो और साथी पैदल पहुंचे। एक ने महिला को बताया कि उसका पति कैंसर की चपेट में आ रहा है। बीमारी दूर करने के लिए झाड़फूंक कराना पड़ेगा।
झाड़फूंक के लिए टप्पेबाज महिला को चौडगरा चौकी के सामने ओवरब्रिज के नीचे ले गए और उसकी झुमकी, पायल, दो आधार कार्ड, दो डेबिट कार्ड ले लिए। महिला को कुछ पल के लिए आंख बंद करने को बोला। तभी टप्पेबाज भाग निकले। आंखें खोलने पर महिला को अपने साथ हुई टप्पेबाजी का पता चला।
महिला ने पुलिस को बताया कि पति सोनू अहमदाबाद में एक कंपनी पर नौकरी करता है। बच्चे की फीस व घरेलू सामान खरीदने के लिए डेबिट कार्ड से रुपये निकालने के लिए कस्बा आ रही थी। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।