फतेहपुर। प्रीतिभोज में छेड़खानी के विरोध में महिला को आरोपियों ने पीट दिया। महिला के बहनोई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राधानगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली विधवा महिला 17 फरवरी की रात अपने रिश्तेदार की शादी के बाद प्रीतिभोज में शामिल होने बुलेट चौराहे के पास एक मैरिज हाल में गई थी। वहां पर आयोजक के तीन से चार रिश्तेदार भी मौजूद थे। उनसे वह परिचित नहीं है। वह तीनों अभद्र टिप्पणी कर छेड़छाड़ करने लगे। जब उसने मर्यादा में रहकर बातचीत करने के लिए कहा तो उन्होंने धक्का देकर जमीन पर गिराकर तीन चार तमाचे मारे। शोर सुनकर महिला का बहनोई बीच -बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी लाठी-डंडे से मारापीटा। बहनोई के सिर, मुंह, आंख और शरीर में काफी चोटें आई हैं। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।