भरुआसुमेरपुर। ससुराल जाने से मना करने पर आहत पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह पत्नी ने शव फंदा से लटका देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक के पिता ने पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
थानाक्षेत्र के इंगोहटा गांव निवासी कल्लू अनुरागी ने बताया कि उसने अपनी पुत्री पार्वती का विवाह 10 वर्ष पूर्व बिवांर थानाक्षेत्र के कमोखर गांव निवासी शिवशंकर अनुरागी (35) के साथ की थी। बताया कि शादी के बाद से ही शिवशंकर शराब पीकर उसका उत्पीड़न करने लगा था। दो वर्ष पूर्व उसने शराब के नशे में धुत होकर पार्वती व बच्चों को जमकर पीटा था। इससे आहत होकर वह बच्चों के साथ अपने मायके इंगोहटा चली आई थी।
शनिवार को शिवशंकर अपनी पत्नी को लेने ससुराल आया था। शाम को ठेके में जाकर शराब पी और घर आकर कमरे में सो गया था। बताया कि रात में जब सभी गहरी नींद में सो रहे थे। तभी उसने कमरे में रखी सलवार का फंदा बनाकर छत के कुंडे में डालकर लटक गया। सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने गई तो उसे फंदे पर लटकता देख चीख पड़ी। इधर युवक के पिता रामेश्वर ने ससुराल में पुत्र की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज ने बताया कि फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली है। अभी तक किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच करके कार्रवाई की जाएगी। मृतक लखनऊ में राजमिस्त्री का काम करता था। कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।