चौडगरा। बारिश के बाद उमसभरी गर्मी के कारण वायरल बुखार से लोग परेशान हैं। इलाज के लिए पीएचसी केंद्र पहुंचे मरीजोंं को खून जांच की सुविधा न मिलने के कारण भटकना पड़ा।
मलवां ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एक सप्ताह पहले अस्पताल की ओपीडी 80 से 100 तक पहुंच रही थी। बारिश के बाद मौसम परिवर्तन के बाद ओपीडी 150 के पार पहुंच गई। इनमें सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार के रहे। केंद्र में मौजूद हेल्थ एटीएम मशीन स्ट्रिप न होने के कारण जांच सामान्य तरीके से हुए। इससे मरीजों को खून जांच करवाने के लिए प्राइवेट पैथौलॉजी का सहारा लेना पड़ा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. बृजेश कुमार ने बताया कि मौसम बदलाव के कारण वायरल फीवर बढ़ा है। लोगों को खान-पान में सुधार करना चाहिए। एटीएम मशीन की स्ट्रिप के लिए कहा गया है। स्ट्रिप आते ही हेल्थ एटीएम से जांच शुरू हो जाएगी। अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है।