फतेहपुर। दिवाली के पहले एमडीएम की रसोइयों का बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा। तीन महीने का एकमुश्त मानदेय 6000 की धनराशि रसोइयों के बैंक खाते में भेजने की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस मद में 3,45,78,000 रुपये मध्याह्न भोजन प्राधिकरण से बेसिक शिक्षा विभाग को मिले हैं।
प्रदेश सरकार ने चुनाव के समय एमडीएम की रसोइयों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा को पूरा कर दिया है। इससे पहले रसोइयों को 1500 रुपये मासिक मानदेय मिलता रहा है, लेकिन बढ़ोतरी का लाभ जुलाई से दिया गया है। बढ़े मानदेय में रसोइयों को प्रति माह 2000 रुपये मानदेय का भुगतान होगा।
मानदेय भुगतान के लिए शासन से धनराशि मिल चुकी है। बजट मिलते ही बेसिक शिक्षा विभाग मानदेय भुगतान की तैयारी में जुट गया है। इसकी पत्रावली तैयार हो रही है। दिवाली के पहले सभी रसोइयों के बैंक खाते में 6000 रुपये की धनराशि पहुंच जाएगी।
डीसी एमडीएम आशीष दीक्षित ने बताया कि शासन से रसोइया मानदेय बजट मिल चुका है। दिवाली के पहले 2000 रुपये मासिक के हिसाब से तीन महीने का मानदेय बैंक खाते में भेज दिया जाएगा।