बहुआ। हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण दो विद्युत उपकेंद्र से 16 घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे करीब बहुआ कस्बे के साथ 250 गांव के लोगों को बिजली नहीं मिल सकी। उसम भरी गर्मी से लोग परेशान रहे तो जलापूर्ति न होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बहुआ और दतौली उपकेंद्र को दरवेशाबाद ट्रांसमिशन से बिजली सप्लाई दी जाती है। दोनों उपकेंद्रों को 33 केवीए की एक ही लाइन से बिजली आपूर्ति की जाती है। शनिवार रात 10 बजे के करीब 33 केवीए लाइन में फाल्ट हो गया। इससे बहुआ कस्बा के अलावा सिधांव, पवारनपुर, ललौली, गौरी, महना, कोण्डार, परेठी, थवाई, रामपुर, उरौली, दसौली, महाखेड़ा, कीर्तिखेड़ा, अजमतपुर, तपनी, अकिलाबाद, दरियापुर, बरवट, गोझ, मुत्तौर, मूसेपुर, गंगाईपार, पखरौली, बरौहां, बड़ागांव, सुजानपुर, गौरी, चंदौरा, दतौली, करैहा, समदाबाद, रसूलपुर, लदिगवां समेत 250 गांवों की बिजली बंद रही।
रविवार सुबह उपकेंद्र के लाइनमैन फाल्ट ढूंढने गए। दोपहर दो बजे तारापुर गांव के हाईटेंशन लाइन का जंपर कटा मिला। इसके बाद मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कराई गई।
अवर अभियंता अमित कुमार ने बताया कि 33 केवीए लाइन जंगल और खेतों से होकर आई है। रात में फाल्ट ढूंढना संभव नहीं होता है। सुबह लाइनमैनों के साथ जाकर फाल्ट सही कराया गया। बिजली सप्लाई बहाल करा दी गई है।