फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur News: सराफ से लूट करने वाले दो लुटेरे जेल भेजे, तीसरे की तलाश

विज्ञापन
विज्ञापन
बिंदकी (फतेहपुर)। सराफा कारोबारी सुनील सोनी को गोली मारकर जेवरात लूटने वाले दो अंतरराज्यीय बदमाशों को पुलिस ने जेल भेजा है। उनके तीसरे फरार साथी की तलाश में दबिश दी गई है। पुलिस ने पकड़े गए मास्टरमाइंड और उसके साथी से बाइक, तमंचा, नकदी और चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के मीरखपुर मोहल्ला निवासी सुनील सोनी की जाफराबाद में सराफा की दुकान है। वह 16 मई को दुकान पहुंचे थे। दुकान में घुसकर बाइक सवार तीन बदमाश नकदी, जेवरात भरा बैग लूटकर भाग निकले थे। विरोध करने पर सराफ पर पहले मिर्च झोंकी और बाद में फायर किया था। गोली लगने से सराफ घायल हुआ था। अपराध निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय ने जनता मोड़ बाईपास से कानपुर देहात मूसानगर क्षेत्र के अकबराबाद निवासी जगदीश और उसके साथी कानपुर सिकंदरा थाना क्षेत्र के सरदारपुर निवासी राजबहादुर को गिरफ्तार किया है। तीसरा आरोपी अश्विनी निवासी सठिगवां थाना भोगनीपुर कानपुर फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम भोगनीपुर गई है।
अश्विनी पर भी कई मुकदमे बताए जा रहे हैं। वह अंतरराज्यीय बदमाश राजबहादुर गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक तीनों एक माह से बिंदकी में किसी सराफ को लूटने के लिए रेकी कर रहे थे। सराफ सुनील सोनी को बैग के साथ दुकान आते-जाते देखकर पीछा करने लगे। पहले वह रास्ते में ही सराफ के साथ लूट करना चाहते थे। मौका नहीं मिलने पर दुकान में घुसकर घटना की। पुलिस का दावा है कि लूटपाट के दौरान बैग से काफी जेवरात दुकान में ही गिर गए थे। कुछ ही माल ले जाने में बदमाश सफल रहे। बदमाशों की सीसीटीवी कैमरे में कैद बाइक, घटना में इस्तेमाल तमंचा, लूटी नकदी और चांदी के कुछ जेवरात बरामद किए हैं। बदमाशों की धरपकड़ में सर्विलांस टीम ने अहम भूमिका निभाई। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। मास्टरमाइंड राजबहादुर है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश तक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों पर 22 मार्च को एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी, जेवरात लूट का भी खुलासा किया है। घटना बिंदकी के आंबेडकर चौराहे के पास हुई थी। कानपुर महाराजपुर थाना क्षेत्र के कटरी गोशाला निवासी माया देवी पत्नी रामसेवक बच्चे के साथ मायके ललौली जा रही थीं। आंबेडकर चौराहे पर किसी वाहन के इंतजार में थी, तभी राजबहादुर ने साथियों संग घटना की थी।
आरोपी राजबहादुर शातिर किस्म का है। बिंदकी में लूट के दो मामलों समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी राजबहादुर 2022 में चोरी के दो मामलों में मध्यप्रदेश के भिंड थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। 2019 में हमीरपुर जिले के मौदहा में चोरी, हमीरपुर के मुस्कुरा में 2015 में लूट, हमीरपुर कोतवाली से 2015 में लूट और बरामदगी, हमीरपुर कोतवाली से 2016 में तमंचे, कानपुर भोगनीपुर थाने में 2017 में चोरी के मुकदमे में पकड़ा जा चुका है। वहीं जगदीश 2021 में जालौन जिले में चोरी और बरामदगी में पकड़ा जा चुका है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें