चौडगरा(फतेहपुर)। दिल्ली से रिश्तेदार के घर निमंत्रण में शामिल होने आ रहे पिता-पुत्री को जहरखुरानी का शिकार बनाने वाले दो जहरखुरानों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पहले भी हत्या, जहरखुरानी के मामले में जेल जा चुका है। घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।
ललौली थाने के बनरसी गांव निवासी अष्टराज परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। वह पुत्री सुहानी के साथ 25 फरवरी को रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आ रहे थे। कानपुर बस अड्डे पर साधन का इंतजार में खड़े थे। तभी कार सवारों ने लिफ्ट देकर दोनों को बैठा लिया था। नशीली चाय पिलाकर बेेहोश कर पिता को कल्यानपुर और बेटी को मलवां थाना क्षेत्र हाईवे के कैंची मोड़ पर फेंककर भाग गए थे। बदमाश 16 हजार नकदी, आधार कार्ड, मोबाइल कपड़ों भरा बैग चुरा ले गए थे।
पुलिस ने जांच के दौरान बड़ौरी टोल प्लाजा का सीसीटीवी कैमरा खंगाला। संदिग्ध कार टोल प्लाजा में फतेहपुर की ओर आते नहीं दिखी, जबकि कानपुर की ओर जाती दिखी। इस वजह से पुलिस ने कार को जांच से बाहर कर दिया। पुलिस की पूछताछ में सुहानी ने बताया कि एक जगह पर कार पेट्रोल पंप में रुकी थी। पुलिस ने कानपुर से कल्यानपुर तक के पेट्रोल पंप खंगालना चालू किया। कानपुर-फतेहपुर हाईवे पर कार महाराजपुर स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में ट्रेस हुई। पुलिस कार की तलाश में जुटी।
पुलिस ने कौशांबी जिला सैनी थाना क्षेत्र के अजुहा के मूल निवासी कार मालिक सुशील कुमार अग्रहरि और कानपुर के गोपालनगर, बिधनू निवासी साथी महेश द्विवेदी को गिरफ्तार किया। आरोपी सुशील करीब पांच साल से कानपुर नौबस्ता थाने के हंसपुरम आवास विकास में रहता है। आरोपी सुशील कौशांबी जिले से हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वह मथुरा और दिल्ली में भी जहरखुरान की घटनाओं में जेल गया है। प्रभारी निरीक्षक नीरज यादव ने बताया कि आरोपियों को कल्यानपुर से सुबह पकड़ा गया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त कार, बम, तमंचा, लूट के 10 हजार रुपये, कपड़े, सोने की चेन, दो मोबाइल व डेबिट कार्ड बरामद हुआ है। आरोपियों को पीड़ित पिता-पुत्री ने पहचान लिया है।