थरियांव। कमालीपुर गांव में किसान समेत दो लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटनाओं की मंगलवार शाम जानकारी हो सकी। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना क्षेत्र के कमालीपुर उर्फ दनियालपुर निवासी रामप्रकाश लोधी (25) किसान थे। उसकी दो साल पहले हथगाम थाने के लोधनघूरी गांव की रहने वाली रन्नो देवी से शादी हुई थी। उसका एक नौ माह का बेटा है। पड़ोसियों ने बताया कि रामप्रकाश और पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार दोपहर विवाद के बाद पत्नी रन्नो बच्चे को लेकर खेत गई थी। वह शाम को घर वापस आई। तभी उसने पति को कमरे की छत पर लगे कुंडे पर साड़ी के फंदे से लटकता देखा। यह देखकर चीख पड़ी। भाई वेद प्रकाश ने बताया कि भाई और भाभी रन्नो के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते भाई ने आत्महत्या की है।
इसी गांव की शांति देवी (24) की शादी चित्रकूट जिले राजापुर निवासी गोलू गोस्वामी के साथ पांच साल पहले शादी हुई थी। पति से विवाद के चलते करीब दो साल से शांति मायके में रहती थी। उसकी एक दो साल की बेटी लाडो है। मां संतोषी देवी ने बताया कि वह दो बेटों के साथ काम से खेत दोपहर को गई थी। उसका बेटा जितेंद्र शाम करीब पांच बजे घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। कुंडी खटखटाने पर दरवाजा शांति ने नहीं खोला तो छेद से झांका तो जितेंद्र ने बहन को साड़ी के फंदे से छत पर लगे हुक पर लटकता देखा। भाई ने बताया कि काफी दिनों से बहन को पति लेने नहीं आ रहा था। इसी वजह से बहन ने तनाव में आकर आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर आने पर जांच की जाएगी।