बहुआ। बरात से लौट रही कार में हार्वेस्टर ने गुरुवार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दूल्हे के भाई समेत दो की मौत हो गई। एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे से शादी वाले परिवार में मातम छा गया।
ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे के आजाद नगर मोहल्ला निवासी रजा हुसैन उर्फ भुल्लन ठेकेदार के बेटे आदिल की बरात बुधवार रात बांदा के तिंदवारी कस्बे में गई थी। तिंदवारी से एक कार में दूल्हे का छोटा भाई मो. आरिफ (22) और उसके दो दोस्त अल्तमश (17) पुत्र मौलाना मकबूल व राजा (18) पुत्र टिंकू बिहारी निवासी आजाद नगर सुबह लौट रहे थे। दतौली चौकी के पास हार्वेस्टर की टक्कर से तीनों घायल हो गए। दूल्हे के भाई आरिफ की मौत हो गई। कानपुर हैलट लेकर जाते समय अल्तमश की सांसें भी थम गईं।
दूल्हे के भाई व उसके दोस्त की मौत से घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की मां सैमुन बेटे की मौत से बेहाल दिखी। मृतक अपने भाइयों साबिर उर्फ छोटू, साकिर और आदिल में सबसे छोटा था। वह ट्रक चालक था। तीसरे राजा का नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। उधर, अल्तमश की मौते से मां बफातन और बहनें आशिया, सूफिया और शिफा बेहाल दिखीं। मृतक दो भाइयों मकसूद, अनस, दानिश में तीसरे नंबर का था। मृतक बहुआ इंटर कालेज में 12 वीं का छात्र था। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि हार्वेस्टर पकड़ा गया है। चालक का पता लगाया जा रहा है।