संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। आबकारी और हुसैनगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश दी। टीम ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 35 लीटर तैयार शराब और 250 किलो लहन बरामद किया। टीम ने आरोपियों को थाने से मुचलके पर जमानत पर छोड़ा है।
आबकारी निरीक्षक रॉबिन आर्या और हुसैनगंज थाने के एसएसआई गोविंद सिंह चौहान की संयुक्त टीम ने मकनपुर गांव में कच्ची शराब के ठिकानों पर दबिश दी। शराब बनाते दयाराम की पत्नी मिठनिया और हीरालाल रैदास को गिरफ्तार किया। उनके ठिकानों से कुल 35 लीटर शराब बरामद हुई। दो शराब भट्ठियों को नष्ट किया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
रोक के बाद भी निर्माण कराने की शिकायत
फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी क्यामुल हक ने थाने मेंं शिकायती पत्र देकर बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर दो लोग निर्माण करा रहे हैं। उसने तहसीलदार से शिकायत की थी। तहसीलदार के आदेश पर पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया। पैमाइश के बाद निर्माण कराने की बात कही थी। इसके बावजूूद दो परिवार के लोग तेजी से निर्माण करा रहे हैं। (संवाद)
बांदा का युवक किशोरी को अगवा कर ले गया
फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी (17) पांच जून से लापता है। किशोरी की मां ने खोजबीन के बाद बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के रेहटा निवासी राजा सिंह उर्फ छउकल के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मां ने बताया कि बेटी से मोबाइल पर राजा बातचीत करता था। वह बहला-फुसलाकर बेटी का अपहरण कर ले गया है। आरोपी अपराधी किस्म का है। वह गांव में अपनी बहन के घर में रहता था। उसकी बहन और परिवार के लोगों से पूछताछ की और बेटी को बुलवाने के लिए कहा। उन लोगों ने सुनवाई नहीं की है। पुलिस किशोरी की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। (संवाद)