नगर पालिका परिषद में एनजीओ के माध्यम से जलकल विभाग में तैनात नलकूप आपरेटर पिछले तीन महीने से मानदेय न मिलने से परेशान हैं। आक्रोशित नलकूप आपरेटरों ने अधिशासी अधिकारी के आवास के सामने प्रदर्शन कर मानदेय दिलाए जाने की मांग की। नलकूप आपरेटर शोएब अख्तर, शमशाद, प्रदीप, इम्तेयाज, सैफी, बिलाल आदि ईओ आवास पहुंचे और पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि तीन महीने से मानदेय न मिलने से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। कहा कि यदि मानदेय नहीं दिया गया तो सोमवार से शहर की पेयजलापूर्ति बंद कर दी जाएगी। इस मौके पर राजेंद्र, राहुल, धीरज, शौकत, इरफान, इम्तेयाज आदि रहे। उधर ईओ रश्मि भारती ने बताया कि लेखाकार को हफ्तेभर पहले भुगतान की चेकें बनाने का आदेश दे दिया गया था।