संवाद न्यूज एजेंसी
हुसैनगंज। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोस्तों को बुधवार दोपहर टक्कर मार दी। हादसे में एक की जिला अस्पताल में मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थानाक्षेत्र के पड़री गांव निवासी अक्षय कुमार रैदास (26) दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह दिल्ली से सुबह घर लौटा था। गांव के ही मित्र पंकज के साथ दोपहर को सात मील तिराहा जा रहा था। बाइक सवारों को तिराहे से पहले ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अक्षय ट्रक की चपेट में आ गया।
वहीं, पीछे बैठा पंकज रैदास छिटक कर दूर गिरा। सिर में चोट लगने से वह भी घायल हो गया। जिला अस्पताल में अक्षय ने दम तोड़ दिया। घायल पंकज को भर्ती किया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस चालक की तलाश में है। मृतक अक्षय चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी 16 अप्रैल 2022 को कुसमा देवी के साथ हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं हैं। हादसे से पत्नी और मां भिखनी, पिता रक्षपाल हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चालक की तलाश हो रही है।
ई-रिक्शा पलटने से चालक घायल
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील महमूदपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ई रिक्शा चालक है। वह रिक्शे में सवारी लेकर पक्का तलाब गया था। वहां सवारी छोड़कर लौट रहा था। उसका बैटरी रिक्शा अनियंत्रित होकर रोड पर पलट गया। रिक्शे में दबकर वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में आसपास के लोगों ने भर्ती कराया। संवाद