फतेहपुर। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पंचायत के सामने युवक ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। मामले में पुलिस ने पति समेत आठ ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर मोहल्ला निवासी राशिद खान की पुत्री साजिया की शादी 15 जनवरी 2018 को मलवां थाने के सूपा निवासी इस्तखार अहमद के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति इस्तखार अहमद, ससुर इकरार अहमद, जेठ वकार, सास नसरीन बानो, ननद रुकईया बानो, ननदोई शाहदीन, चचेरे देवर शकील व वकील दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच उसने एक बेटी को जन्म दिया तो ज्यादा प्रताड़िता कर मारपीट करने लगे।
आरोप लगाया कि उसके जेवरात भी बेच डाले। इसके बाद 14 जुलाई 2022 को ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर लात-घूंसों से मारपीट कर भगा दिया। वह मायके आकर रहने लगी। उसके घर में सुलह समझौते के लिए 26 फरवरी 2023 को पंचायत रखी गई। पंचायत में पांच लाख रुपये की मांग पूरी होने के बाद ही ससुरालीजनों ने साथ रखने की बात कही। पिता के असमर्थता जताने पर ससुरालीजनों ने पति से कहा कि अभी तलाक दे दो, तुम्हारी दूसरी शादी करा दी जाएगी। इसके बाद पति ने पंचायत के सामने तीन बार तलाक बोल दिया। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।