फतेहपुर। बाइक सवारों की मौत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बरेठर निवासी ज्ञान सिंह ने एफआईआर में बताया कि पौत्र जय सिंह अपने मित्र चकमाधौपुर निवासी अजय सिंह के साथ बाइक से दो मई को खजुहा की ओर आ रहे थे। रास्ते में खजुहा निवासी रंजीत अपने साथी मलवां थाने के करसवां निवासी संजय से मिले। वह आपस में बातचीत कर रहे थे। सैमसी की ओर से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रोड किनारे खड़े बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में जय सिंह व अजय सिंह की मौत हो गई थी। वहीं संजय और रंजीत गंभीर घायल हो गए थे। चालक दुर्घटनास्थल से ट्रैक्टर लेकर भाग निकला था। पुलिस ने चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। विवेचक भारत सिंह ने बताया कि चालक व ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। (संवाद)