फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर भिटौरा बाईपास के पास बृहस्पतिवार रात कंटेनर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। कौशाम्बी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के धनावा गांव निवासी प्रकाश का पुत्र दीपक कुमार (21) अपने साथी रावेन्द्र प्रताप और मोती लाल के साथ रात करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर से शहर आ रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र में भिटौरा बाईपास के पास मुड़ते समय सर्विस लेन से हाईवे पर चढ़ रहे कंटेनर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों साथी घायल हो गए। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।