पुलिस ने दूसरे की जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह की सरगना एक महिला बताई गई है। कछौना कोतवाली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज था। सीओ बघौली के नेतृत्व में बनाई गई टीम उन जालसाजों की तलाश कर रही थी।
बघौली सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि रविन्द्र कुमार ने कछौना कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि रवि प्रताप सिंह, प्रवेश सिंह, नरेंद्र कुमार और भूपेंद्र कुमार ने फर्जीवाड़ा कर जमीन का बैनामा किया है। इस पर धोखाधड़ी जालसाजी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उन्हीं के नेतृत्व में टीम गठित कर इस तरह का फर्जीवाड़ा करने वालों की तलाश शुरू कर दी गई थी।
सोमवार को कछौना थाने के कोतवाल संदीप सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ कोतवाली देहात के मितानपुरवा के पास से कछौना क्षेत्र के गाजू निवासी रवि प्रताप सिंह व भूपेंद्र कुमार व उमा पत्नी अर्जुन निवासी मितानपुरवा कोतवाली देहात को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि पुलिस पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि उमा ने एक मृतक के नाम पर आधार बनवा लिया था। उसी से फर्जी तरीके से उसकी जमीन का बैनामा कर दिया।