खागा। वैवाहिक कार्यक्रम में सात जून को तमंचा लेकर डांस करने वाले दो भाई समेत तीन युवकों को तमंचे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
नरवा संग्रामपुर गांव में कार्यक्रम के दौरान युवकों के डांस का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। डीजे पर दो युवक तमंचे लहराकर डांस कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि नरवा संग्रामपुर गांव निवासी लाल सिंह के घर में शादी समारोह था। वहीं डीजे पर असलहे लहराकर डांस किया गया। पुलिस ने लाल सिंह के पुत्र रामजीत, गोरेलाल और अखिलेश उर्फ नक्का को गिरफ्तार किया है। तीनों के पास से एक-एक तमंचा व कारतूस पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वीडियो वायरल होने के बाद असलहों को छिपा दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर असलहे बरामद किए गए। वायरल वीडियो से बरामद तमंचों की पहचान की गई। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।