फतेहपुर। होली पर्व पर निर्बाध बिजली आपूर्ति कराने के लिए विद्युत विभाग ने व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने पर तुरंत बदला जाएगा। इसके लिए वर्कशाप में 100 ट्रांसफार्मर एडवांस में मरम्मत कराकर रखे गए हैं।
जिले में विद्युत वितरण प्रथम, द्वितीय और तृतीय खंड के 54 उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई की जाती है। इसमें ट्रांसफार्मरों की मरम्मत के लिए बेरुई और मुराइनटोला वर्कशाप हैं। दोनों वर्कशाप में 100 ट्रांसफार्मर बनवाकर एडवांस में रखे गए हैं। इसमें 200 केवी के 25, 400 केवी के चार ट्रांसफार्मर हैं। इसके अलावा 10, 25, 63 और 100 केवीए के 71 ट्रांसफार्मर एडवांस में रखे हुए हैं। वर्कशाप एसडीओ संजय यादव ने बताया कि होली में कहीं पर भी ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिलेगी तो तुरंत ट्रांसफार्मर भेजा जाएगा। इसके लिए वर्कशाप कर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गईं हैं।