फतेहपुर। जन शिकायतों के निस्तारण के लिए खागा, फतेहपुर और बिंदकी तहसील में समाधान दिवस में शिकायतें सुनी गईं। समाधान दिवस में शहर के जानेमाने सराफा व्यापारी हरिओम रस्तोगी पहुंचे। वह भिटौरा बाईपास स्थित अपनी जमीन की पैमाइश के लिए लंबे समय से चक्कर काट रहे हैं। इस बार भी उन्हें आश्वासन ही मिला। जिलेभर में 147 शिकायतों में 19 का ही निस्तारण हो सका।
सदर तहसील में राजस्व, विकास, पुलिस, बिजली से संबंधित 42 शिकायतें प्राप्त हुई। इसमें सात का निस्तारण मौके पर किया जा सका। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता के साथ और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर निस्तारित करें। इस मौके पर एसडीएम सदर नंद प्रकाश मौर्य, सीएमओ डॉ. सुनील भारतीय और सीओ डीसी मिश्र सहित अन्य विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
.....
फरियादियों ने बयां किया दर्द
कोराईं से सदर तहसील पहुंचे आदित्य शर्मा ने बताया कि उनकी बुआ की मौत 15 साल पहले हुई थी। उनकी वरासत मुंबई के किसी फर्जी आदमी के नाम कर दी गई है। बुआ का कोई वारिस नहीं है। इसमें तहसीलकर्मियों की मिलीभगत रही है।
.......
आदमपुर से आए अधिवक्ता शिवशोभन तिवारी ने बताया कि विपक्षी उन्हें अपनी जमीन नहीं जोतने दे रहे हैं। एक साल से लगातार प्रार्थनापत्र दिए जा रहे हैं लेकिन हर बार उनका प्रार्थनापत्र लेखपाल, कानूनगो और पुलिस के बीच घूमकर गुम हो जाता है।
..........
मलाका से आए नत्थू ने बताया कि उनकी मां की मृत्यु हो चुकी है और वरासत कराने जाने पर लेखपाल मां को जीवित बताकर वापस कर देता है। उन्होंने अपनी मां का मृत्यु प्रमाण पत्र भी दिखाया। पूर्व में आठ बार प्रार्थनापत्र दे चुके हैं। सुनवाई कर रहीं डीएम ने लेखपाल से नाराजगी जताई।
..........
तहसील - शिकायतें - निस्तारण - अवशेष
------------------------------------------------------------
बिंदकी - 49 - 6 - 43
खागा - 56 - 6 - 50
फतेहपुर - 42 - 7 - 35
------------------------------------------------------------
योग - 147 - 19 - 128
-----------------------------------------------------------------