फतेहपुर। पूर्व विधायक की पत्नी की चेन लूटने वाले लुटेरों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं था। घटना से पहले और बाद भी काफी देर तक आसपास ही मंडराते रहे। पुलिस लुटेरों की पहचान के लिए फुटेज के सहारे जुटी है।
शहर के आवास विकास में रहने वाले भाजपा के पूर्व विधायक करण सिंह पटेल की पत्नी शांति देवी गुरुवार सुबह घर के बाहर टहलने निकली थीं। बिना नंबर प्लेट वाली बाइक में सवार लुटेरे आबूनगर का रास्ता पूछने के बहाने उनकी चेन लूट ले गए थे। बाइक सवारों को यह नहीं मालूम था कि वारदात पूर्व विधायक की पत्नी के साथ की है। इसी वजह से लुटेरे वापस पूर्व विधायक के घर के सामने ही गुजरे। पूर्व विधायक के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
शांति ने बताया कि लुटेरे घटना से पहले तीन से चार बार उनके पास से गुजरे थे। माना जा रहा कि घटना से पहले लुटेरे भागने का रास्ते जानने के लिए घूमते रहे हैं। इस तरह लुटेरे बाहरी माने जा रहे हैं। फुटेज में कैद लुटेरों की पहचान करने की पुलिस ने रिकाॅर्ड में मौजूद अपराधियों से की, लेकिन किसी अपराधी से मिलान नहीं हो सका। जेल में निरुद्ध शातिरों से भी पुलिस फुटेज दिखाकर पूछताछ करने पहुंची। शातिरों ने भी पहचान से इन्कार कर दिया।
लुटेरे इतने बेखौफ थे कि घटनास्थल से 100 मीटर दूर स्थित आदर्श नगर पेट्रोल पंप वारदात के बाद पहुंचे। वहां पेट्रोल भराने के बाद भागे हैं। लुटेरे पेट्रोल पंप के कैमरे में भी कैद हुए हैं। विवेचक धनंजय सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। कोतवाली पुलिस की कई टीमें लुटेरों की तलाश में लगी हैं।